महराजगंज। विदेश भेजने के नाम पर 44 हजार रुपये की ठगी करने, रुपये वापस मांगने पर मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।
पीड़ित दुर्गेश यादव निवासी ग्राम बड़हरा खास, थाना कोतवाली ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि राजकुमार शाही निवासी ग्राम बेलवा रामपुर, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर ने उसे विदेश भेजने का झांसा देकर अलग-अलग तिथियों में कुल 44 हजार रुपये फोन पे के माध्यम से ले लिए। उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर 2025 को 10 हजार रुपये, 4 नवंबर 2025 को 15 हजार रुपये और 23 दिसंबर 2025 को 19 हजार रुपये आरोपी के खाते में भेजे गए।
काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही उसकी रकम वापस की गई। जब उसने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 8 जुलाई 2026 की शाम करीब छह बजे फरेंदा रोड पर दोबारा रुपये मांगने पर आरोपी ने गालियां दीं और धमकी दी कि यदि फिर पैसा मांगा तो उसकी हत्या कर शव नाले में फेंक देगा। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी राजकुमार शाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।