निचलौल। क्षेत्र के हड़हवा टोला पर राशन लेने जा रही 60 वर्षीय महिला को सोमवार को डोमा नहर पुल पर अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे सीएचसी, निचलौल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
ग्रामसभा डोमा खास निवासी पाना देवी पत्नी स्व. हरि भारती सोमवार को राशन लेने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान डोमा नहर पुल पर अज्ञात बाइक की चपेट में आकर घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजन को दी। परिजन उन्हें निजी वाहन से सीएचसी लेकर पहुंचे लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतका के चार बेटे और दो बेटियां हैं। सभी विवाहित हैं। उनके पति की पांच साल पहले गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।