सड़क हादसों में दो की मौत, एक घायल
- बृजमनगंज और पुरंदरपुर थाना क्षेत्र की घटना, घायल का मेडिकल कॉलेज में चल रहा है उपचार
अमर उजाला ब्यूरो
लेहड़ा बाजार/पुरंदरपुर। दो हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे बृजमनगंज और पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में हुए।
लेहड़ा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सहजनवा बाबू निवासी राधेश्याम गौड़ (55) मंगलवार की दोपहर में साइकिल से बिजली का बिल जमा करने बृजमनगंज पावर हाउस जा रहे थे। पावर हाउस के पास एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन उन्हें चपेट में ले लिया। सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को एंबुलेंस से सीएचसी बृजमनगंज भेजा गया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष संजय दुबे ने बताया कि सहजनवा बाबू निवासी राधेश्याम गौड़ की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुरंदरपुर प्रतिनिधि के अनुसार, स्थानीय चौराहे पर दोपहर तीन बजे अनिल प्रजापति (47) निवासी बरवाभोज टोला लोहसी थाना नौतनवां बाइक पर बैठाकर गांव के रामहित (59) को फरेंदा से नौतनवां की तरफ जा रहे थे। जैसे ही बाइक पुरंदरपुर चौराहे से कुछ आगे बढ़ी, नौतनवां की तरफ से आ रही पिकअप की चपेट में आ गए। दोनों घायलों को सीएचसी बनकटी भेजा गया। जहां रामहित की मौत हो गई। जबकि अनिल को मेडिकल कालेज भेजा गया। थानाध्यक्ष शाह मोहम्मद का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।