परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के अमवा चौराहे पर सोमवार की देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घुघली थाना क्षेत्र के बल्लो खास निवासी नवरतन गुप्ता वर्तमान में श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बड़हरा बरईपार में अपने रिश्तेदार के घर रहता है। सोमवार रात करीब नौ बजे वह बाइक से श्यामदेउरवां से परतावल जा रहा था। अमवा चौराहे पर डिवाइडर कट से दूसरी दिशा में मुड़ रहे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे नवरतन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सीएचसी परतावल पहुंचाया।
थाना प्रभारी शंभू नाथ सिंह ने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।