वाहन चालान के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
महराजगंज। जनपद में अंधाधुंध वाहन चालान के विरोध में बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने सदर क्षेत्राधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों का उत्पीड़न बंद करने की मांग उठाई।
जिला संयोजक शिवम शर्मा ने आरोप लगाया कि जिले में बिना स्पष्ट कारणों के बड़ी संख्या में वाहन चालान किए जा रहे हैं। इससे छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है, लेकिन नियमों के नाम पर आम जनता का शोषण और अनावश्यक कार्रवाई उचित नहीं है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि कई बार छोटे-छोटे कारणों पर भी भारी जुर्माना लगाया जा रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। परिषद ने मांग की कि वाहन चेकिंग और चालान की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए तथा पुलिसकर्मियों की ओर से आम लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। प्रदर्शन के बाद एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने सदर क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वाहन चालान की कार्रवाई में पारदर्शिता लाने, छात्रों को राहत देने तथा आम लोगों के साथ हो रहे कथित दुर्व्यवहार पर रोक लगाने की मांग की गई। इस दौरान प्रांत कार्यसमिति सदस्य राहुल निषाद, अखंड शुक्ला, अनुराग, आर्यन सिंह, रवि गुप्ता, विश्वात्मा, मयंक मणि त्रिपाठी, राहुल गुप्ता सहित एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।