महराजगंज। पनियरा क्षेत्र के कुआंचाप के एक निजी विद्यालय के प्रबंधक पर बच्चे को मारे-पीटे जाने के आरोपों की जांच करने के लिए सोमवार को बीएसए द्वारा गठित टीम पहुंची। टीम ने आरोपों को लेकर पूछताछ की और पूरी रिपोर्ट बीएसए को सौंप दी है।
ग्राम पंचायत माधोनगर निवासी एक बुजुर्ग घीसियावन मौर्य ने 27 अक्तूबर को बीएसए व मुजुरी चौकी से शिकायत की थी। शिकायत में उन्होंने बताया है कि कुआंचाप चौरी स्थित एक निजी विद्यालय में उनका पोता शौर्य मौर्य कक्षा-2 में पढ़ता है। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व एकेडमी की अध्यापिका ने उनके पौत्र को मारा-पीटा था, जिससे उसके मुंह से खून निकलने लगा था।
आरोप है कि जब वह इस घटना की शिकायत लेकर विद्यालय के प्रबंधक के पास गए तो प्रबंधक ने सुनवाई करने के बजाय उल्टा उनके दरवाजे पर चढ़कर भद्दी-भद्दी गालियां दीं, मारपीट की और धमकी दी। पीड़ित ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया था कि यह एकेडमी बिना मान्यता के कक्षा 10 तक संचालित की जा रही है और मान्यता की किसी भी शर्त को पूरा नहीं करती है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार ने मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी अंकिता सिंह के नेतृत्व में एक जांच समिति का गठन किया। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी अंकिता सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट बीएसए को सौंप दी गई है। आगे की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की जाएगी।