लोगों की रंग-बिरंगी तस्वीरों से पटे सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म
सभी उम्र के लोगों ने जमकर मनाई होली, एक-दूसरे को दी बधाई
नौतनवा। स्थानीय कस्बे में होली पर्व बुधवार को लोगों की सूझबूझ एवं पुलिस की तत्परता से सकुशल संपन्न हुआ। नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर युवाओं की टोली ने थिरकते हुए एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। वहीं महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं, उन्होंने भी जमकर अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को रंग-बिरंगी रंगों से सराबोर कर दिया। बच्चे दिन भर रंगों के साथ मस्ती करते रहे।
कस्बे में पूरे दिन हर्ष और उमंग का माहौल बना रहा। बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाओं ने अपनों को रंग-गुलाल लगाकर होली का त्योहार जमकर मनाया। युवाओं की टोलियों ने एक-दूसरे के साथ त्योहार मनाया। इस दौरान कई युवा जगह-जगह डीजे की धुन पर डांस भी करते देखे गए। इस दौरान युवाओं ने जमकर सेल्फी ली और शाम तक सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म रंगों से सराबोर लोगों की रंग-बिरंगी तस्वीरों से पट गए।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत नगर के चौक-चौराहों एवं गली-मोहल्लों के चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रही। इसके साथ ही सीओ अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव एवं चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता क्षेत्र का दौरा कर पल-पल की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे।
सीमावर्ती गांव में जमकर मनाई गई होली
खनुआ। नौतनवा ब्लॉक क्षेत्र के सीमावर्ती गांव में जमकर लोगों ने होली मनाई। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले लगाया तो छोटों ने बड़ों से आशीर्वाद लिया। ग्राम पंचायत हरदी डाली, शेख फरेंदा, खनुआ, आराजी सरकार उर्फ बैरियहवा, सुकरौली उर्फ अरघा आदि सीमावर्ती गांव में युवाओं ने जमकर होली खेली। अबीर-गुलाल के साथ युवाओं ने होली खेली। खनुआ पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक जायसवाल ने बताया कि क्षेत्र में किसी प्रकार की घटना वगैरह नहीं हो पाई। संवाद
अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को दी बधाई
निचलौल। क्षेत्र में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में होलिका दहन के साथ रंगोत्सव शुरू हो गया था। बुधवार को लोगों ने होलिका दहन में ही राग-द्वेष का दहन कर दिया। उसके बाद लोगों ने होलिका के फेरे लेकर परिवार से सभी प्रकार के कष्ट दूर करने की होलिका से प्रार्थना की। इसके बाद लोगों एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। होली की मस्ती दिन ढलने के साथ ही चरम पर पहुंच गई। ऐसे में शहर से लेकर गांव तक जगह-जगह युवा व बच्चे उत्साह के साथ एकत्रित हुए। फिर युवाओं के बीच रंग की मस्ती शुरू हो गई। घर-आंगन से होलिका दहन स्थल तक होली की धूम दिखाई दी। क्षेत्र के खोन्हौली, जयश्री, दमकी, रायपुर, डोमा, बहुआर, कटहरी, ठूठीबारी समेत शहर भर में गुलाल उड़ा। घर-घर गुझिया व पकवान का स्वाद भी खूब लिया गया। संवाद