निचलौल। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तहसील पहुंच जिम्मेदारों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उसके बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंप निचलौल नगर पंचायत और सिसवा नगर पालिका परिषद में अलावा जलवाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी।
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जाहिद अली ने बताया कि इन दिनों कड़ाके की ठंड से लोग बेहाल हैं, लेकिन जिम्मेदारों की मनमानी के चलते नगर पालिका परिषद सिसवा में मेन शहर के कुछ ही चौराहे तथा तिराहे पर अलाव जल रहे हैं, जबकि अधिकांश मोहल्ले के चौराहे और मुख्य मार्ग अलाव से वंचित हैं। कुछ ऐसा ही नजारा निचलौल नगर पंचायत में भी है।
ऐसे में नगर पालिका परिषद सिसवा और नगर पंचायत निचलौल के जिम्मेदारों को निर्देशित किया जाए कि उक्त जगहों पर भी अलाव की व्यवस्था की जाए। ताकि लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिल सके। लोगों की उक्त समस्याओं का अगर जल्द समाधान नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी जिम्मेदारों के खिलाफ आंदोलन करेगी। इस दौरान राधेश्याम, प्रहलाद, दशरथ प्रजापति, अब्दुल सत्तार, रेखा, अमरनाथ, राजेंद्र मौजूद रहे।