सोनौली। क्षेत्र के ग्राम पोखरभिंडा उर्फ बनरहवा निवासी युवक को फोन कर बुलाकर चाकू व पंच से प्राणघातक हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पोखरभिंडा उर्फ बनरहवा निवासी अमरजीत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ फरवरी की शाम करीब सात बजे गांव के ही साहिल, मौसम अली व सहबाज ने उसे फोन कर परसासुमाली टोला विश्वनाथपुर नदी घाट पर बुलाया। आरोप है कि जब वह करीब साढ़े सात बजे मौके पर पहुंचा तो तीनों आरोपित शराब के नशे में थे और बिना किसी बात के चाकू व पंच से उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले में अमरजीत के सिर, ललाट व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर बेहोश हो गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे तो आरोपित गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। परिजनों ने घायल को रात में ही जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसे होश आया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर घटना के बाद उसे नदी में फेंकने की फिराक में थे, लेकिन ग्रामीणों के पहुंचने से उसकी जान बच गई।
प्रभारी थानाध्यक्ष राम चंद्र राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर गंभीर आपराधिक कृत्य से संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज है। मामले की जांच की जा रही है।