7 माह पहले गया था बंगलूरू, शुक्रवार को कटर से कार्य करते समय कट गई थी दाहिनी जांघ
खुटहां बाजार। बंगलूरू के भागलकोट कमाने गए शैलेंद्र कन्नौजिया (27 वर्षीय) की अचानक मौत हो गई थी। मौत के एक दिन बाद शनिवार को उसका शव मुड़िला बाजार पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मुड़िला निवासी शैलेंद्र की माली हालत खराब थी। वह आजीविका के लिए 7 माह पहले कमाने गया था। बंगलूरू में वह शटरिंग का काम करता था। बताया गया है कि शुक्रवार को दिन में कटर से कार्य करते समय फिसलने से उसकी दाहिनी जांघ कट गई और वह बुरी तरह जख्मी हो गया। साथियों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। शनिवार की शाम लगभग 4:00 बजे उसका शव के गांव आने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था।
शैलेंद्र कनौजिया के शक्ति (7), शिवानी (5), गुल्लू (3) तीन बच्चे हैं। पत्नी संकलावती रोते-रोते बेहोश हो जा रही है। पिता रामबेलास ने बताया गरीबी के कारण बच्चों की परवरिश के लिए बेटा शैलेंद्र बाहर कमाने गया था, जहां उसकी मृत्यु होने से इन नन्हें बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।