पनियरा। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डिगुरी निवासी 21 वर्षीय एक युवक की गोरखपुर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। युवक ममेरे भाई को बाइक से परीक्षा दिलाने जा रहा था कि पीछे से ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना की खबर सुनकर परिजनों का रो-रो के बुरा हाल है।
बताया गया कि अंकित उर्फ राम प्रसाद चौरसिया ममेरे भाई संगम को परीक्षा दिलाने शुक्रवार को बाइक से गोरखपुर के थाना क्षेत्र सहजनवा के गीडा जा रहा था। रास्ते में पीपीगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर के पास पीछे से एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैम्पियरगंज लाया गया।
डॉक्टरों ने रामप्रसाद को मृत घोषित कर दिया और संगम चौरसिया की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। राम प्रसाद के पिता आजीविका के लिए मुंबई में कबाड़ का कार्य करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए हैं। रामप्रसाद मां-बाप का पांच बहनों के बाद सबसे छोटा इकलौता पुत्र था।
घटना से बहने रिंका, पिंका, मनीषा, सोनी व पूजा सहित माता पवित्रा का रो-रो कर बुरा हाल है। अभी रामप्रसाद के केवल दो बहनों की शादी हुई है।