बृजमनगंज। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सौरहा टोला लेदवा निवासी बाइक से बनारस जा रहे दो युवक खजनी थाना क्षेत्र के भगवानपुर बजरा के पास रविवार की रात डंफर की चपेट में आ गए। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल संतकबीर नगर में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। जहां उपेंद्र 30 की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा सौरहा टोला लेदवा निवासी उपेंद्र और रामरूप दोनों एक बाइक पर सवार होकर बनारस के लिए रविवार की शाम को निकले। अभी वह गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र के भगवानपुर बजरा के पास पहुंचे थे। तभी सामने से अनियंत्रित गति से आ रहे डंफर की चपेट में आ गए। रात में मौत की खबर घर पहुंची तो उनकी पत्नी मीरा देवी दहाड़े मार कर रोने लगीं।
घर में मातम पसर गया। उपेंद्र पेंटिंग का कार्य करते थे। उनकी एक बेटी व एक बेटा हैं। इस मामले में थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह के अनुसार, घटना की सूचना घर वालों को दी गई है। घटना गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र में होने की वजह से सारी कानूनी कार्रवाई वहां की पुलिस कर रही है। संवाद