फरेंदा में युवक के मौत के बाद राजमार्ग जाम करते परिजन।
फरेंदा। कस्बे में बुधवार की सुबह दुकान का शटर उठाने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। जिसकी जानकारी परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए परिजनों व स्थानीय लोगों ने कस्बा में राजमार्ग को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक पुलिस परिजनों को मनाने की कोशिश में जुटी रही। परिजन मुआवजा व दोषी के विरूद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे। फरेंदा कस्बे के गांधीनगर वार्ड के शनिचरी बाजार निवासी 18 वर्षीय करन कस्बे के एक दुकान पर काम करता था। राेजाना की तरह वह बुधवार की सुबह दुकान पर पहुंचा तो बगल में स्थित एक बर्तन की दुकान का मालिक शटर उठाने का प्रयास कर रहा था। करन उसकी मदद करने के लिए पहुंचा और शटर उठाने लगा। उसी दौरान करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग आनन-फानन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव के पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजन उग्र होकर दोषी दुकानदार के विरूद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसको लेकर उन्होंने राजमार्ग पर बैठकर जाम लगा दिया। पुलिस परिजनों को घंटों मनाने में जुटी रही।