खुशहालनगर। घुघली थाना क्षेत्र के खानपुर टोला मिश्रौली निवासी राजकुमार (27) की शुक्रवार को शटरिंग करते समय करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सुबह 9.30 बजे खानपुर के मिश्रौली टोला निवासी राजकुमार गांव के दयानंद गुप्ता के यहां नए मकान की शटरिंग कर रहे थें। ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरा हुआ था। इससे स्पर्श हो जाने के कारण राजकुमार बेहोश हो गए। गृहस्वामी और मृतक के परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली ले गए, जहां डाॅक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव, चौकी प्रभारी जखिरा धर्मेंद्र जैन पहुंच कर विधिक कार्रवाई की। संवाद
परिजनों ने लगाया बिजली विभाग पर आरोप
मृतक के पिता गिरधारी साहनी व दयानंद गुप्ता सहित कई ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार कहने के बाद भी विभाग ने तार नहीं हटाया, जिसका परिणाम आज देखने को मिल रहा है। परिजनों ने बिजली विभाग पर केस दर्ज करने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है।