निचलौल। शहर के महाशय वार्ड स्थित एक ट्रांसफार्मर के टेललेस यूनिट बॉक्स से बुधवार को सटकर एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद लोगों और राहगीरों की मौके पर भीड़ जुट गई। इस बीच इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस पहले बिजली निगम को सूचना देकर आपूर्ति ठप कराई। इसके बाद टेललेस यूनिट बॉक्स से सटे युवक के शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने में जुट गई। मृत युवक की पहचान रोहित चौहान निवासी महाशय वार्ड के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक, शहर के महाशय वार्ड निवासी रघुनाथ चौहान का पुत्र रोहित चौहान (30) की शादी नहीं हुई थी। वह नशे का आदि हो चुका था।
ऐसे में वह अक्सर नशे में घूमता था। इतना ही नहीं नशे के लिए रोहित कई बार शहर में चोरियां भी कर लेता था। इसी बीच सरकारी अस्पताल से पूरब की ओर कुछ दूरी पर चमनगंज पुल की ओर जाने वाली सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर के टेललेस यूनिट बॉक्स से सटे रोहित चौहान को कुछ लोगों ने अचानक देखा।
उसके बाद लोगों में चीख पुकार के साथ हड़कंप मच गया। लेकिन बॉक्स में बिजली आपूर्ति होने के चलते लोग बेबस थे। इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिजली आपूर्ति ठप कराने के बाद रोहित के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार, युवक रोहित नशे का आदि था। वह अक्सर नशे में रहता था। नशे में वह ट्रांसफार्मर के टेललेस यूनिट बॉक्स चढ़ रहा था। इसी बीच वह करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी की मौत हो गई। घटना के बाद सूचना उसके परिजनों को दी गई। लेकिन रोहित के हरकतों से तंग परिजन मौके पर नहीं पहुंचे। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।