परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल-पनियरा मार्ग पर मलमलिया उर्फ सिरसिया गांव के पास मंगलवार की शाम करीब चार बजे बड़ा हादसा हो गया। ईंट लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर हरिराम पासवान (40) की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्राॅली का पिछला पहिया व्यक्ति के सिर पर चढ़ गया, इससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने आसपास के गांवों में जानकारी घटना की जानकारी देकर मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, जिसमें देर शाम पुलिस को सफलता मिल गई। पुलिस का कहना है कि मृतक हरिराम पासवान (40) पनियरा कस्बे का निवासी था। वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था।
उसके घर वाले भी यह नहीं बता पाए कि वह घटनास्थल पर कैसे पहुंचा था। मृतक के परिवार में उसकी पत्नी संजू और सिर्फ तीन बेटियां काजल, आंचल और खुशी हैं। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। नटवा जंगल स्थित ईंट भट्ठे की ट्रैक्टर-ट्राॅली है जिसे हिरासत में ले लिया गया है।