गड़ौरा स्थित जेएचवी शुगर मिल परिसर में कटरैन का शेड लगाते समय हुई दुर्घटना
पांच लाख का आर्थिक सहयोग और प्राथमिकी दर्ज करने के आश्वासन पर माने परिजन
बृहस्पतिवार को शाम बजे गिरा था मजदूर, रात में 10 बजे से 12 बजे तक परिजनों ने जाम किया था सड़क
ठूठीबारी। गड़ौरा स्थित जेएचवी शुगर मिल परिसर में कटरैन का शेड लगाते समय बृहस्पतिवार की शाम को करीब 45 फीट की ऊंचाई से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने मिल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मिल गेट के सामने एनएच-730 पर शव रखकर जाम लगा दिया। मिल प्रबंधन पर प्राथमिकी दर्ज करने और आर्थिक सहयोग के आश्वासन पर परिजन पोस्टमार्टम को तैयार हुए।
जानकारी के अनुसार, निचलौल महाशय वार्ड निवासी आकाश चौरसिया (24) विगत कुछ दिनों से गड़ौरा जेएचवी शुगर मिल परिसर में कटरैन शेड लगाने का कार्य कर रहा था। बृहस्पतिवार को भी वह कटरैन लगा रहा था। शाम करीब चार बजे वह करीब 45 फीट ऊपर से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मजदूरों ने तुरंत मिल प्रशासन को दी। आरोप है कि मिल प्रशासन के जिम्मेदार घायल मजदूर को निचलौल सरकारी अस्पताल में भिजवाकर खुद वहां से भाग निकले। घायल मजदूर की हालत गंभीर देख डाॅक्टरों ने उसे निचलौल से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान डाक्टरों ने उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और मजदूरों ने रात 10 बजे मिल गेट के सामने एनएच-730 पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान रात में करीब दो घंटे तक मार्ग पूरी तरह से जाम रहा। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद मिल प्रशासन का कोई भी व्यक्ति खोज-खबर लेने नहीं पहुंचा। मृतक का परिवार बेहद गरीब है। उन्होंने मिल प्रशासन की लापरवाही से आकाश चौरसिया की जान जाने का आरोप लगाया। जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को हुआ तो मौके पर पहुंच पीड़ित परिजनों को समझा-बुझाकर मनाने लगे। वहीं मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल ने मृतक परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख का आर्थिक सहयोग दिलाने और जेएचवी शुगर मिल प्रशासन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया।
इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।