युवती का पांच घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा, मचा हड़कंप
प्रेमी के पहुंचने पर ही टॉवर से नीचे उतरी युवती
निचलौल। स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव डोमाकाठी में सुबह एक युवती ने प्रेमी से शादी की जिद पर जमकर हंगामा किया। युवती सुबह करीब पांच बजे ही मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ गई। मामले की सूचना मिलते मौके पर पुलिस पहुंच गई। स्थानीय लोग भी युवती से नीचे उतरने की गुहार लगाने लगे लेकिन युवती नहीं मानी। पांच घंटे बाद पुलिस युवती के प्रेमी को लेकर पहुंची, तब जाकर वह नीचे उतरी। इसके बाद पुलिस ने युवक व युवती को समझा-बुझाकर परिजनों के साथ घर भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र की युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक भी शादी के लिए तैयार थे लेकिन उसके परिजन इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थे। युवक के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। अगले महीने में उसकी शादी होनी है। युवती को जब इसकी जानकारी मिली तो उसने प्रेमी पर शादी का दबाव बनाया। युवक शादी के लिए तैयार नहीं। युवक 15 दिनों से लापता हो गया था। युवती ने प्रेमी की तलाश की लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चल सका। प्रेमी का पता लगाने में असफल युवती प्रेमी की शादी की तारीख नजदीक आने से परेशान हो गई। शुक्रवार की सुबह जान जोखिम में डालकर वह टॉवर पर चढ़ गई।
टॉवर से पत्र फेंककर प्रेमी को बुलाने को कहा
जानकारी के मुताबिक, प्रेमी की शादी तय होने के बाद से युवती के दुखी रहती थी। प्रेमी को ढूंढने की सारी कोशिशें नाकाम होने के बाद उसने अपनी बत मनवाने का अनोखा तरीका अपनाया। युवती भोर में ही गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत में स्थित टॉवर चढ़ गई। युवती के इस कारनामे के बाद टॉवर के पास लोगों और पुलिस प्रशासन की भीड़ जुट गई। तभी युवती ने टॉवर से एक पत्र गिराकर बताया कि वह एक युवक से पिछले कुछ साल से प्यार करती है और उससे शादी करना चाहती है। युवक को बुलाकर लाने पर ही वह टॉवर से नीचे उतर जाएगी।
प्रेमी को नहीं बुलाने पर दी आत्महत्या की धमकी
युवती ने पत्र में अपनी समस्या का जिक्र करते हुए तुरंत प्रेमी को बुलाने की मांग की। साथ यह धमकी भी दी कि यदि प्रेमी को नहीं बुलाया गया तो वह मोबाइल टावर से कूदकर अपनी जान दे देगी। आनन-फानन में पुलिस ने उसके प्रेमी के बारे में जानकारी जुटाई और करीब 9:30 बजे युवक को लेकर पहुंच गई। प्रेमी को देखने के बाद युवती टॉवर से नीचे उतर आई। इसी बीच युवक और युवती के परिजन भी मौके पर आ गए। पुलिस ने युवक और युवती को समझाबुझाकर परिजनों के साथ घर भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया है।