लक्ष्मीपुर एकडंगा में 3.40 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक उत्सव भवन
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने किया शिलान्यास
चिउटहां। ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर एकडंगा में शनिवार को लगभग 3.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उत्सव भवन का सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने शिलान्यास किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन-अर्चन के बीच महिलाओं ने मंगल गीत गाकर अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद ग्रामीण विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि उत्सव भवन बनने के बाद ग्रामीणों को विवाह, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधुनिक और सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल ने कहा कि यह भवन सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्था साबित होगी। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय में पूरा कराया जाएगा। अंत में ग्राम प्रधान अमेरिका प्रसाद ने आगतों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, प्रधान सच्चिदानंद मौर्य, पूर्व जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र बहादुर सिंह, महेश चौरसिया, भरत कन्नौजिया, डोमई गुप्ता, जनार्दन दास, गोलू गौड़, छोटे प्रजापति, चंदन पटेल व अन्य मौजूद रहे।