महराजगंज। दिवाली पर्व को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। रोडवेज बसों में पटाखा, विस्फोटक सामग्री और ज्वलनशील पदार्थ ले जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। पकड़े जाने पर सामान जब्त कर यात्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यूपी परिवहन निगम ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर नया निर्देश प्रभावी किया है। अक्सर देखा जाता है कि त्योहार के समय लोग बसों में पटाखों की खेप लेकर यात्रा करते हैं, जिससे आग लगने का खतरा रहता है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए परिवहन निगम ने यह कदम उठाया है। बसों में चेकिंग के लिए विशेष क्षेत्रीय टीम तैनात की जा रही है, जो दिवाली से लेकर छठ पर्व तक सक्रिय रहेगी। टीम बस अड्डे और रास्ते में औचक निरीक्षण करेगी।
महराजगंज डिपो से कुल 76 रोडवेज बसों का संचालन होता है, जिनमें यह नियम सख्ती से लागू होगा। सभी बसों में इस संबंध में नोटिस भी चस्पा किए जाएंगे। नियम तोड़ने पर न सिर्फ यात्री बल्कि चालक-परिचालक पर भी जुर्माना लगाया जाएगा। अगर किसी बस में पटाखा ले जाते हुए पाया गया और चालक-परिचालक ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की तो उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई होगी।
बोले अधिकारी
रोडवेज सुरक्षित सफर का प्रतीक है। वह यात्रियों को सुरक्षित सफर की सहूलियत प्रदान करता। सुरक्षा को देखते हुए पटाखा या अन्य ज्वलनशील चीजें लेकर नहीं यात्रा कर सकते। दिवाली व छठ में इसकी विशेष टीम भी सक्रिय रहेगा।
- संजय प्रेमी, एआरएम, महराजगंज