पनियरा में पैथालॉजी सील के दौरान मौजूद एसीएमओ।
पनियरा। नगर पंचायत पनियरा में शनिवार की दोपहर में एसीएमओ डॉ. वीरेंद्र आर्या ने बगैर रजिस्ट्रेशन संचालित की जा रही पैथोलॉजी पर छापा मारकर सील कर दिया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही ब्लॉक के बगल में कलेक्शन सेंटर के नाम पर संचालित पैथोलॉजी का संचालक ताला बंद कर भाग गया। अचानक की गई इस छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। साथ ही कई अवैधानिक ढंग से पैथालाॅजी की दुकान चलाने वाले फरार हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, एसीएमओ डॉ. वीरेंद्र आर्या दोपहर में बड़वार रोड पर स्थित पैथालॉजी पर पहुंचे और रजिस्ट्रेशन के कागजात नहीं उपलब्ध कराने पर उसे सील कर दिया। क्षेत्र में बिना रजिस्ट्रेशन के दर्जनों पैथालॉजी सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। एसीएमओ डॉ. वीरेंद्र आर्या ने बताया कि छापेमारी में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रही बड़वार रोड पर स्थित विनायक पैथालॉजी को सील किया गया है। दोनों पैथालॉजी बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित की जा रही थीं। इस दौरान एसीएमओ के साथ सुनील उपाध्याय, नीतीश वर्मा, सलाहकार आदित्य पाण्डेय भी मौजूद रहे। संवाद