ठूठीबारी/निचलौल। कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में पोखरी की भूमि पर धर्मस्थल का निर्माण कराया गया था। इस मामले को राजस्व विभाग की टीम संज्ञान में लेते हुए प्रक्रिया पूरी कर बुलडोजर के साथ सोमवार को मौके पर पहुंच गई।
वहीं गांव में पुलिस फोर्स और राजस्व विभाग को देख लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ देर बाद टीम ने धर्मस्थल के करीब अवैध निर्माण वाले एक हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
एसडीएम शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि क्षेत्र के रामनगर गांव में गाटा संख्या 330 पोखरी के नाम से सरकारी अभिलेख में दर्ज है। वहीं पोखरी के कुछ हिस्से की भूमि पर कुछ लोग करीब पांच वर्ष पहले अवैध तरीके से धर्मस्थल का निर्माण करा लिए थे। इस मामले की सूचना मिली तो प्रक्रिया के तहत जांच की गई।
उसके बाद पुलिस टीम की मौजूदगी में मौके पर पहुंच अवैध निर्माण वाले हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया है। इतना ही नहीं निर्माण कराने वाले लोगों को उक्त भूमि पर दोबारा निर्माण न कराने के लिए सख्त नसीहत दी गई है। वहीं क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस टीम तैनात रही।