महराजगंज। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मिठौरा ब्लॉक के वनटांगिया ग्राम स्थित 27 नर्सरी में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 70 मरीजों की जांच की गई। जांच के दौरान एक नए कुष्ठ रोगी की पहचान होने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। पहचान किए गए रोगी का जिला न्यूक्लियस द्वारा तत्काल मल्टी ड्रग थेरेपी (एमडीटी) उपचार शुरू करा दिया गया है।
एसीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समय रहते रोग की पहचान कर पूर्ण उपचार सुनिश्चित करना है। ताकि समाज में कुष्ठ रोग के प्रसार को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग का मुफ्त इलाज सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध है। जिला कुष्ठ रोग सलाहकार डॉ. अनिल बनरवाल ने लोगों से अपील की कि यदि शरीर पर सुन्नता, सफेद या लाल धब्बे दिखाई दें तो बिना किसी झिझक के तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं, ताकि समय पर उपचार मिल सके।