मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन व्यापारियों ने डीएम और एएसपी को सौंपा
महराजगंज। व्यापारियों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर गोरखपुर से लापता युवक के मामले में कार्रवाई की मांग की।
बड़हलगंज स्थित राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए अभिषेक वर्मा की तलाश के लिए संयुक्त व्यापारी मोर्चा, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा तथा सोनार कल्याण समिति के बैनर तले व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा।
संयुक्त व्यापारी मोर्चा के संयोजक पशुपति नाथ गुप्ता ने कहा कि नगर के प्रतिष्ठित स्वर्ण व्यवसायी राजेश्वर वर्मा के पुत्र अभिषेक वर्मा (24) 10 अप्रैल को थाना बड़हलगंज क्षेत्र स्थित शहीद राजा हरिप्रसाद मल्ल राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के छात्रावास से अचानक लापता हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, डीआईजी तथा आईजी गोरखपुर जोन से भी गुहार लगाई। लेकिन दो माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक से मामले में विशेष रुचि लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही छात्र की बरामदगी अथवा मामले का खुलासा नहीं हुआ तो व्यापारी समाज व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन देने के दौरान राम सेवक साहू, दुर्गेश गुप्ता, विवेक गुप्ता, मिंटू वर्मा, अच्छे लाल वर्मा, विजय सोनी, सत्यानंद वर्मा, प्रमोद वर्मा, राजेंद्र, उमेश, विजय अग्रहरी, अशोक टीबड़ेवाल, श्रवण तथा बागेश्वर सिंह सहित व्यापारी मौजूद रहे।