महराजगंज/फरेंदा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया शनिवार से शुरू कर दी है। इसके लिए जिले में तीन केंद्र बनाए गए हैं। गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर काॅलेज, महराजगंज इंटर काॅलेज, सेठ आनन्दराम जयपुरिया इंटर काॅलेज को केंद्र बनाया गया है। जीएसवीएस में मूल्यांकन के लिए 52 उप प्रधान परीक्षक तथा 482 परीक्षक, महराजगंज इंटर काॅलेज में उप प्रधान परीक्षक 51 तथा 515 परीक्षक, जैपुरिया इंटर काॅलेज में 49 उप प्रधान परीक्षक तथा 495 परीक्षक लगाए गए हैं।
यूपी बाेर्ड प्रयागराज के हाईस्कूल के बोर्ड परीक्षा की कापी का मूल्यांकन सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर काॅलेज में पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ शुरू हुआ। मूल्यांकन केंद्रों पर दिन में करीब दो बजे तक डयूटी के लिए लगाए गए परीक्षकों का आना जाना लगा रहा। कुछ परीक्षक मूल्यांकन का कार्य भी शुरू कर दिए थे। उपनियंत्रक शाकिर हुसैन ने बताया कि जयपुरिया मुल्यांकन केंद्र पर विभिन्न जिलों के हाईस्कूल के हिंदी, गणित, गृहविज्ञान, कंम्प्यूटर, संगीत वादन विषय की एक लाख छब्बीस हजार 777 कापी मूल्यांकन के लिए पहुंची। इसके लिए 49 उपप्रधान परीक्षक व 495 परीक्षकों को ड्यूटी लगाई गई है।
मूल्यांकन का कार्य 21 कमरों में किया जा रहा हैं। जिसमें शुद्ध पेयजल, प्रकाश व पंखे का प्रबंध किया गया हैं। सभी कमरों में वायस रिकार्डर के साथ सीसीटीवी से लैस हैं। परीक्षक को किसी भी प्रकार की समस्या नही होनी चाहिए जिसका विशेष ध्यान दिया जा रहा हैं। मूल्यांकन केंद्रों पर सह उपनियंत्रक सतीश पाठक, जितेंद्र पांडेय, अवधेश सिंह, जनार्दन यादव व उमारमन की तैनाती है। जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय ने बताया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुविधा है। पहले दिन मूल्यांकन में लगे सभी परीक्षक मौजूद रहे। मूल्यांकन में कहीं से भी समस्या की सूचना नहीं है।