श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र की ग्राम परसिया इंदरपुर निवासी विधवा महिला ने थाने में दी तहरीर
ग्राम मोहनापुर निवासी एक व्यक्ति ने वर्ष 2023 में नौ मंडा कृषि भूमि को अपनी बताकर दे दिया था रेहन पर
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र की ग्राम परसिया इंदरपुर निवासी एक विधवा महिला ने एक युवक पर दूसरे की जमीन को अपनी बताकर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पीड़िता शोभा देवी ने आरोप लगाया कि ग्राम मोहनापुर निवासी एक व्यक्ति ने वर्ष 2023 में स्वयं को करीब नौ मंडा कृषि भूमि का मालिक बताते हुए खेत रेहन पर देने की बात कही थी। आरोपी ने महिला को भरोसा दिलाया कि जमीन उसी की है और भविष्य में किसी प्रकार का विवाद नहीं होगा।
उसकी बातों पर विश्वास करके महिला ने अपनी जमा पूंजी, उधार और मेहनत-मजदूरी से जुटाए गए 3.25 लाख रुपये उसे दे दिए। महिला का कहना है कि रुपये देने के बाद वह करीब दो वर्षों तक उक्त खेत में खेती-बाड़ी करती रही। इसी बीच कुछ समय पूर्व वास्तविक खेत का स्वामी वहां पहुंच गया और खेत खाली करने के लिए कहा।
जानकारी करने पर पता चला कि जिस जमीन को आरोपी ने अपना बताकर रेहन रखा था, वह किसी अन्य व्यक्ति की है। आरोप है कि जब पीड़िता अपने परिवार के साथ पैसा वापस मांगने आरोपी के घर पहुंची तो उसकी पत्नी ने बताया कि वह घर पर नहीं है। गांव के लोगों से जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी पिछले करीब चार माह से घर छोड़कर फरार है।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, छल और विश्वासघात की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने, गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। उप निरीक्षक रामानुज यादव ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। आरोपी व्यक्ति की तलाश की जा रही है।