निचलौल क्षेत्र की ग्रामसभा शीतलापुर के बड़का टोला में रविवार सुबह खाना बनाते समय हुआ हादसा
नौ दिसंबर को होनी है बेटी की शादी, तैयारियों में जुटा था परिवार
निचलौल। तहसील क्षेत्र की ग्रामसभा शीतलापुर के बड़का टोला में रविवार सुबह खाना बनाते समय उठी आग की चिंगारी से एक झोपड़ी धू-धूकर जल उठी। आग की चपेट में आने से घर में रखा कपड़ा, चारपाई, साइकिल, चारा मशीन, खाद्य सामग्री समेत रोजमर्रा के उपयोग के सामान जलकर राख हो गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक, झोपड़ी में बेटी की शादी के लिए जुटाकर रखा करीब 50 हजार का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, शीतलापुर बड़का टोला निवासी नंदकिशोर गौड़ की पुत्री रूबी रविवार सुबह घर में चूल्हे पर लकड़ी से खाना बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से झोपड़ी में अचानक आग लग गई। जब तक परिजन कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप ले लिया। झोपड़ी में मौजूद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और पानी व मिट्टी डालकर आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक झोपड़ी का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ित परिवार के अनुसार, आग में तीन साइकिल, कपड़े, चारपाई, चारा मशीन, खाद्य सामग्री और अन्य घरेलू सामान जल गए। बताया जा रहा है कि झोपड़ी में रूबी की शादी के लिए खरीदे गए करीब 30 हजार के कपड़े और 20 हजार के बर्तन भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए।
नंदकिशोर गौड़ की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवार की रोजी-रोटी के लिए वह पिछले करीब सात महीने से लुधियाना में रहकर काम कर रहे हैं। उनके तीन बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें बेटा राजन और बेटी बीमा दिव्यांग बताए जा रहे हैं। दूसरे नंबर की बेटी रूबी की शादी कोठीभार थाना क्षेत्र के पंडित बरवा गांव में तय हुई है। आगामी नौ दिसंबर को शादी होनी है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था लेकिन आग की घटना ने उनकी तैयारियों पर पानी फेर दिया।
वर्जन
घटना की जानकारी मिली है। राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाएगा। शासन-प्रशासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पीड़ित परिवार को अनुमन्य अहेतुक सहायता राशि दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
- अमित कुमार सिंह, तहसीलदार