खनुआ। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के बीच दशहरा पर्व पर मैत्रीपूर्ण बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें नेपाल एपीएफ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के युगल मुकाबलों में नेपाल एपीएफ ने 2-1 से बाजी मारी, जबकि एकल मुकाबलों में 2-0 से जीत हासिल की। प्रतियोगिता का आयोजन 66वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), कैंपियरगंज की सीमा चौकी डंडाहेड में किया गया। इसमें नेपाल एपीएफ की 27वीं वाहिनी, रूपनदेही और एसएसबी के जवानों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान एकल और युगल वर्ग में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। दोनों देशों के जवानों ने खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से मुकाबले दिलचस्प रहे। अधिकारियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम 66वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट जगदीश प्रसाद धाबाई और नेपाल एपीएफ के इंस्पेक्टर हिमंता लिम्बु की उपस्थिति में संपन्न हुआ। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के मैत्रीपूर्ण खेल आयोजनों से दोनों पड़ोसी देशों के सुरक्षा बलों के बीच आपसी विश्वास, सौहार्द और समन्वय को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने माना कि खेल गतिविधियां जवानों के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने और सहयोग की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर एसएसबी की ओर से सहायक कमांडेंट नितेश कुमार योगी और सहायक कमांडेंट आदित्या जायसवाल मौजूद रहे। वहीं, नेपाल एपीएफ की ओर से सहायक मुख्य आरक्षी क्षेत्रा थापा, सहायक मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार गुरुंग और आरक्षी उमेश चौधरी सहित अन्य जवान उपस्थित रहे।