पनियरा। गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में सड़क हादसे में घायल पुत्र की तीमारदारी कर रहे पिता की रविवार की रहस्यमय हालात में मौत हो गई। पनियरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 3 सिद्धार्थ नगर के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 45 वर्षीय रूदल का शव रविवार रात करीब आठ बजे गोरखपुर जनपद के चिलुआताल थाना क्षेत्र में फर्टिलाइजर के पास संदिग्ध हालात में मिला। चिलुआताल पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी, तो परिजनों में कोहराम मच गया। जबकि 22 जून को ही परिजनों ने गुलहरिया थाने पर मृतक की गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी।
जानकारी अनुसार, रूदल 15 जून की रात में गोरखपुर के एक निजी अस्पताल से अपने ससुराल ग्राम पंचायत मिश्रवलिया के लिए निकले थे, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। अस्पताल में वह अपने पुत्र विक्रम का इलाज करा रहा था, जो 10 जून की रात करीब 12 बजे बाइक से बरात करके आते समय श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के हरपुर पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन से टकराकर घायल हो गया था। रूदल के घायल पुत्र की दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर पद पर नियुक्ति के बाद शादी भी तय हो गई है। रूदल के तीन पुत्र विक्रम, सिक्रम और मोनू हैं। मृतक की पत्नी तेतरी देवी व परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं बेटा विक्रम इस समय गोरखपुर के निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। संवाद