सोनौली। तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नेपाल के रूपनदेही जिले की पुलिस ने भारी मात्रा में रेडीमेड कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस ने कपड़ों की खेप ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार कर बाइक भी जब्त की है। बरामद कपड़ों की कीमत एक लाख 70 हजार 250 रुपये आंकी गई है।
विज्ञापन
रूपनदेही के डीएसपी कृष्ण कुमार चंद ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 8:20 बजे पुलिस टीम सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त और जांच कर रही थी। इसी दौरान लुंबिनी सांस्कृतिक नगरपालिका-7 से लुंबिनी सांस्कृतिक नगरपालिका-4, मौवारी निवासी दीपेंद्र यादव (24) को पकड़ा गया। जांच में पता चला कि युवक भारतीय सीमा की ओर से अवैध रूप से कपड़ों की खेप नेपाल ला रहा था। उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।