तैयारी बैठक में पूर्व विधायक ने की अधिकाधिक सहभागिता की अपील
शाहपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिवस के अवसर पर पांच जून को शाहपुर स्थित हिन्दू भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पिछले पांच वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष भी शुक्रवार को सुबह आठ बजे से हिंदू भवन में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से बढ़-चढ़कर शिविर में भाग लेने और रक्तदान करने की अपील की। बैठक में शिविर की रूपरेखा, स्वास्थ्य विभाग के सहयोग, पंजीकरण व्यवस्था, प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
इस अवसर पर लवकुश ओझा, दिलीप पांडेय, प्रिंस पांडेय, अंकित श्रीवास्तव, अजय अग्रहरि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।