महराजगंज। परिवार नियोजन के लाख उपायों के बाद भी जिले में हर साल जनसंख्या नियंत्रण को झटका लग रहा है। परिवार नियोजन में स्वास्थ्य विभाग की जो इज्जत बची है वह महिलाओं के भरोसे है। हर साल भारी संख्या में महिलाएं नसबंदी कराती हैं, वहीं पुरुष अपनी संकुचित मानसिकता के कारण नसबंदी कराने में पीछे हैं।
2011 की जनगणना के अनुसार जिले की कुल जनसंख्या 26 लाख 65 हजार 292 है। इसमें पुरुषों की जनसंख्या 13 लाख 75 हजार 367 तथा महिलाओं की जनसंख्या 12 लाख 89 हजार 925 है। महिलाओं की जनसंख्या कम होने के बाद भी वह नसबंदी कराने में पुरुषों से आगे हैं। वहीं नसबंदी के मामले में पुरुषों की सोंच संकुचित है। महिलाओं से कंधा से कंधा मिलाकर चलने की बात तो जरूर करते हैं लेकिन जब अपनी नसबंदी की बारी आती है तो पीछे होकर पत्नियों को आगे कर देते हैं।
खुद स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े बताते हैं कि हर साल जहां हजारों महिलाएं नसबंदी कराती हैं वहीं पुरुषों की संख्या सौ भी पार नही हो पाती है। महिला नसबंदी के मामले में जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। डॉक्टर रामनवल का कहना है कि नसबंदी कराने में महिलाएं पहले स्थान पर हैं। सीएमओ डॉक्टर जितेंद्र कुमार माहेश्वरी का कहना है कि नसबंदी कराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाता है। प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। परिवार के लोगों के निर्णय के आधार पर ही नसबंदी होती है। नसबंदी कराने के लिए लोग स्वतंत्र हैं। किसी पर दबाव नहीं बनाया जा सकता है। लोग परिवार नियोजन के अन्य उपायों को भी अपना रहे हैं।
----------------------------------
किस वर्ष कितना नसबंदी हुआ
वर्ष लक्ष्य पुरूष महिला
1999-2000 7129 10 8222
2000-2001 8198 06 8821
2001-2002 9018 07 9437
2002-2003 11983 06 11988
2003-2004 13537 134 12477
2004-2005 12403 166 11620
2005-2006 12666 470 9926
2006-2007 12666 320 9619
2007-2008 12666 250 11732
2008-2009 12666 213 10641
2009-2010 12666 80 9147
2010-2011 12666 49 7715
2011-2012 12666 26 2698
2012-2013 12666 20 8331
2013-2014 12666 22 9091
----------------------------------
जनसंख्या बढ़ी पर नसबंदी घटी
हर साल जिले की जनसंख्या बढ़ रही है। लेकिन नसबंदी कराने वालों की संख्या घट रही है। 2001 से 2011 तक जनसंख्या 22.61 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ी है। स्वास्थ्य विभाग के परिवार नियोजन कार्यक्रम भी कारगर नहीं हो पा रहे हैं। शुरूआती दौर में तो नसबंदी का रिकॉर्ड ठीक रहा लेकिन धीरे-धीरे यह गिरता गया। 1999-2000 में 115.47 प्रतिशत, 2000-2001 में 107.67,2001-2002 में 104.72, 2002-2003 में 100.09, 2003-2004 में 93.16, 2004-2005 में 95.03, 2005-2006 में 82.08, 2006-2007 में 78.47,2007-2008 में 94.60,2008-2009 में 85.69, 2009-2010 में 72.85,2010-2011 में 61.30, 2011-2012 में 21.51, 2012-2013 में 65.93, 2013-2014 में 71.95 प्रतिशत लोगों ने नसबंदी कराई।