सिसवां बाजार। पुलिस ने रविवार रात छापा मारकर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया तथा उनक ी निशानदेही पर रिफिलिंग व कालाबाजारी के लिए रखे 56 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है।
एसओ कोठीभार नितीश श्रीवास्तव को सोमवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि अमडिहवा व सिसवां नगर में गैस रिफिलिंग व गैस की कालाबाजारी जोरों पर चल रही है। सूचना पर वे टीम के साथ रविवार रात अमडिहवा में छापेमारी की। जहां से पुलिस ने दस घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए। उसके बाद सम्राट नगर में संजय जायसवाल के यहां छापा मारा। जहां 46 गैस सिलिंडर बरामद हुए। पांच सिलिंडर कामर्शियल हैं। पुलिस ने संजय के अलावा सहयोगी शेषमणि को भी हिरासत में लिया। उनके पास से गैस रिफिलिंग की सामग्री भी मिली।
पुलिस की सूचना के बाद सप्लाई इंस्पेक्टर विजय कुमार मौके पर पहुंचे। उनकी रिपोर्ट के बाद मुकदमा दर्ज होगा। एसओ का कहना है कि दो कारोबारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।