महराजगंज। धानी-नौगढ़ मार्ग पर शनिवार को अपनी फूआ के साथ लक्ष्मी पांडाल में कपूर जलाने जा रहे एक मासूम की रोडवेज बस की चपेट में आने से मौत हो गई। लोगों ने बस चालक को पकड़ कर उसकी पीटाई करके पुलिस को सौंप दिया।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कोइलाडाढ़ गांव निवासी पंचम का पांच साल का पुत्र राहील अपनी फुआ के साथ शनिवार को धानी-नौगढ़ मार्ग के कोइलाडाढ़ के सड़क किनारे स्थापित लक्ष्मी पांडाल में कपूर जलाने जा रहा था। उसी दौरान पीछे से आ रहे अनुबंधित बस की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग जुट गए और बस रुकवाकर बस चालक की जमकर पीटाई कर दी। पीटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। बस का कंडक्टर मौके से भाग गया। थानाध्यक्ष सदानंद सिंह का कहना है कि मृतक के पिता पंचम ने तहरीर दी है। बस चालक को बस समेत हिरासत में रखा गया है। बस चालक का नाम मन्ना चौरसिया निवासी कुशीनगर बताया जा रहा है।
कुचलकर युवक की मौत, चालक हिरासत में
सौनौली। सोनौली कस्बे के एसएसबी मोड़ पर शुक्रवार की रात को बैलगाड़ी से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। सोनौली पुलिस ने बैलगाड़ी चालक को बैलगाड़ी समेत हिरासत में ले लिया है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे सोनौली थाना के नौनिया गांव के पिपरिया टोला निवासी बसंत (40) नेपाल से मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था। कस्बे के एसएसबी रोड पर सोनौली से जा रही एक बैलगाड़ी के नीचे दब गया और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गयी। सोनौली कोतवाल फणींद्र यादव ने बताया कि बैलगाड़ी चालक त्रिलोकपुर निवासी अनवर को हिरासत में ले लिया गया। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।