महराजगंज। मोहनापुर के पास बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार की रात सोनौली डिपो के एक परिचालक को गोली मारकर उसका बैग लूट लिया। घटना के समय परिचालक सवारी बैठाकर सोनौली से गोरखपुर आ रहा था। घायलावस्था में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से देर रात लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। चालक की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज कर लिया गया है।लक्ष्मीपुर, पुरन्दरपुर व फरेन्दा प्रतिनिधि के अनुसार सोनौली डिपो की बस का परिचालक अवधेश तिवारी निवासी बस्ती बुधवार की रात करीब नौ बजे यात्रियों को बैठाकर सोनौली से गोरखपुर के लिए चला। बस जैसे ही आगे बढ़ी। बाइक सवार तीन बदमाश उसके पीछे चलने लगे। बस चालक मोहम्मद कामरान निवासी बहराइच बस जैसे ही पुरन्दरपुर क्षेत्र के मोहनापुर पहुंचा। बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर बस रोक ली। एक बदमाश बाइक लेकर खड़ा रहा।
दो बदमाश अंदर चले गए और परिचालक अवधेश तिवारी से बैग छीनने लगे। जब उसने विरोध किया तो एक बदमाश ने तमंचा निकाला और अवधेश के सीने पर गोली मार दी। गोली मारने के बाद बदमाश बैग लेकर भाग निकले। चालक के अनुसार बैग में 30 हजार रुपये थे। गोली की आवाज सुनते ही बस में बैठे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। चालक बस लेकर पुरन्दरपुर थाने पहुंचा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। वहां से घायल अवधेश तिवारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकटी में भर्ती कराया गया । जहां उसकी नाजुक हालत देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ नौतनवां पंकज कुमार सिंह, सीओ फरेन्दा राजकुमार यादव समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसओ गिरजेश तिवारी का कहना है कि चालक की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। उधर, जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक सुग्रीव कुमार राय और एआरएम महेशचंद्र ने मेडिकल कॉलेज जाकर परिचालक से मुलाकात की। उधर, देर रात एसपी अतुल शर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया।