महराजगंज। मंगलवार को हुई आंधी-बारिश में टूटकर गिरे पेड़ से दबे एक बालक की मौत अस्पताल में हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। जहां वह भी जीवन मौत से संघर्ष कर रहा है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के भागाटार निवासी सुग्गन मंगलवार की देर शाम बाइक से गांव के बजरंगी को बैठाकर सिन्दुरिया जा रहा था। उस समय तेज बारिश के साथ हवा चल रही थी। दोनों सिन्दुरिया स्थित टावर के पास पहुंचे थे कि अचानक एक पेड़ गिर गया और दोनों उसमें दब गए। लोगों की मदद से दोनों को जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां बुधवार की दोपहर बजरंगी की मौत हो गई।
-------------
बजरंगी को मौत खींच कर लाई
सुग्गन के पिता कहीं से आए और सिन्दुरिया उतर गए। घर तक आने के लिए कोई वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने बेटे सुग्गन को फोन कर बाइक लाने को कहा। सुग्गन जब बाइक लेकर घर से निकला तो बजरंगी भी जाने के लिए जिद करने लगा और बाइक पर पीछे बैठ गया।