महराजगंज। देवीपुर में शुक्रवार की अपराह्न बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की कनपटी पर तमंचा सटाकर 15,000 रुपये लूट लिया। पीड़ित बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पनियरा क्षेत्र के रामपुर भट्टा टोला के रहने वाले कन्हई ने शुक्रवार को पनियरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 15,000 रुपये निकाला। रुपये और पासबुक पॉकेट में रखने के बाद वह साइकिल से घर के लिए निकल दिया। अभी वह देवीपुर में एकांत जगह पर पहुंचा ही था कि बाइकसवार दो बदमाशों ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे वह बाइक लेकर गिर गया। उसके बाद एक बदमाश बाइक से उतरा और कन्हई की कनपटी पर तमंचा सटाकर पॉकेट में रखे रुपये लूट लिया और धमकी देते हुए फरार हो गए। कन्हई जब तक शोर मचाता बदमाश भाग निकले। घटना से क्षेत्र में सनसनी फै ल गई। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। बताया जा रहा है कि बदमाश बैंक से ही कन्हई की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। बता दें कि 15 दिसंबर को भी पनियरा क्षेत्र के कौआखोर के पास एक स्वर्ण व्यवसायी को बाइकसवार दो बदमाशों ने लूट लिया था। पुलिस आज तक इस घटना का खुलासा नहीं कर सकी।