महराजगंज। पनियरा ब्लॉक परिसर में रविवार को बसपा ने जनसभा का आयोजन किया। इसमें लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने को कहा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व चौरीचौरा के विधायक जयप्रकाश निषाद ने कहा कि सपा मुखिया ने अपनी सरकार में अपने ही परिवार के लोगों को मंत्री बनाया है। मायावती की सरकार में हर वर्ग के लोगों को बराबर का सम्मान दिया गया था। उन्होंनेे कहा कि मायावती की सरकार में जिस मंत्री, विधायक या सांसद ने गरीबों पर जुल्म किया, उस पर कार्रवाई हुई। बसपा जो घोषणा करती है, उसे पूरा करती है। ऐसे में बसपा के लोकसभा प्रत्याशी को विजयी बनाकर दिल्ली भेजने का कार्य करें।
बसपा प्रत्याशी काशीनाथ शुक्ला ने कहा कि यहां के लोगों ने चार बार एक ही व्यक्ति को वोट देकर जिताया। लेकिन पनियरा का कोई विकास नहीं हुआ। अभी भी इस क्षेत्र के 158 गांव बिजली से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि सैफई में 24 घंटे बिजली मिल रही है। यहां की जनता बिजली के लिए तरस रही है। विधायक देवनारायन उर्फ जीएम सिंह ने कहा कि गरीब जनता मेरे साथ थी। पनियरा क्षेत्र के 1500 लोगों के राशन कार्ड से नाम गायब थे, जिसे विधानसभा में उठाकर जुड़वाया। सभा को जिलाध्यक्ष नारद राव, परशुराम यादव, जयप्रकाश निषाद ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष मिठाई लाल बौद्ध और संचालन अशोक निषाद ने किया। इस मौके पर महेन्द्र सिंह, विनोद सिंह, घनश्यामदास, संजय शुक्ला, रमाकान्त तिवारी के अलावा अधिक संख्या में लोग मौजूद रहे।