महराजगंज। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 10वीं प्रदेश स्तरीय जूनियर वुशू प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को वाराणसी स्टेडियम के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। उसके पांच खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले रविवार को होेंगे।
जिला वुशू एसोसिएशन की आयोजित प्रतियोगिता में दूसरे दिन विभिन्न भार वर्ग में सांशू में खिलाड़ियों ने हाथ आजमाया। 45 किलोग्राम भारवर्ग के बाक्सिंग, किकिंग और थ्रोइंग में वाराणसी स्टेडियम के सुभाष यादव, सहारनपुर के निशू कुुमार, गौतमबुद्धनगर के चंदन सिंह और मेरठ के जिसान गुज्जर ने बेहतर प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
48 किलोग्राम भारवर्ग में वाराणसी के अनिल यादव, गौतमबुद्धनगर के अरुण रावल, मेरठ के रोहित पाल और गाजियाबाद के अमित कुमार ने जीत हासिल की। 52 किलोग्राम भारवर्ग में बागपत के रवि कुमार, गौतमबुद्धनगर के प्रवीन कुमार, वाराणसी के अशोक कुमार, बाराबंकी के सुधांशू मिश्रा, 56 किलोग्राम भारवर्ग में वाराणसी के दुर्गेश यादव, गौतमबुद्धनगर के चेतन चौहान, शामली के विष्णु और बाराबंकी के हरिकिशन ने जीत हासिल की। 60 किलोग्राम भारवर्ग में वाराणसी के अनुभव शर्मा, शामली के अशोक कुमार, मुजफ्फरनगर के जाकिर सैफी और देवरिया के राजीव रंजन सिंह ने प्रतिद्वंद्वियों को हराया। 65 किलोग्राम भारवर्ग में गोरखपुर के बासुदेव साहनी, सहारनपुर के विवेक, आजमगढ़ के अंकित सिंह और मेरठ के ऋषभ त्यागी को जीत मिली। 70 किलोग्राम भारवर्ग में फिरोजाबाद के बुलन यादव, मेरठ के मनीष शर्मा, मुजफ्फरनगर के अभिषेक और आगरा के किशन अग्रवाल को जीत मिली। 75 किलोग्राम भारवर्ग में फिरोजाबाद के राहुल मित्तल, आगरा के केशव सिंह, मेरठ के अर्जुन चौधरी और मुजफ्फरनगर के अक्षय कुमार को जीत मिली। 80 किलोग्राम भारवर्ग में बुलंद शहर के सचिन कुमार, गौतमबुद्धनगर के सुमित नागर, मेरठ के राबिन खरे और आगरा के अभिजीत शर्मा ने बेहतर प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि सपा जिलाध्यक्ष राजेश यादव ने किया। इस मौके पर सपा नेता अमीर खान, जगदंबा गुप्ता सहित कई लोग उपस्थित रहे।