फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिटायर्ड शिक्षक के घर डकैती

Sat, 05 Oct 2013 05:37 AM IST
Maharajganj
विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज/कोल्हुई। एकसड़वा में गुुरुवार रात हथियारों से लैस डकैतों ने रिटायर्ड शिक्षक के घर धावा बोलकर नकदी समेत एक लाख रुपये के जेवर लूट लिए। डकैतों ने बम चलाकर मां और बेटे को घायल कर दिया। भागते हुए डकैतों में से छह को दूसरे गांव में लोगों पकड़ लिया। इनमें से दो की जमकर पिटाई की। छह फरार हो गए। सूचना के बाद भी पुलिस के नहीं पहुंचने पर एसपी ने एकसड़वा चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर करने के साथ पांच सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है।
विज्ञापन

कोल्हुई थाना क्षेत्र के गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एकसड़वा गांव निवासी रिटायर्ड शिक्षक मुहम्मद इस्लाम गुरुवार रात पत्नी साफिया खातून (50) और बेटे इसरार खां (12) के साथ घर में सो रहे थे। बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे हथियारों से लैस 12 डकैतों ने उनके घर पर हमला बोल दिया। डकैतों ने सबसे पहले ने गेट का ताला तोड़ा, इसके बाद बम चलाते हुए घर में घुस गए। बम की आवाज सुन घर के लोगों की नींद खुल गई। जान बचाने के लिए इस्लाम पत्नी और बच्चे के साथ छत पर चले गए। इस पर डकैतों ने छत पर भी बम फेंका। इससे साफिया और इसरार घायल हो गए। डकैत आलमारी, बक्सा और अटैची तोड़कर उसमें रखे 35 हजार नकद और करीब एक लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर उठा ले गए।
भागते समय डकैतों ने दोबारा बम फोड़कर दहशत फैलाई। इसके बाद हवा में कट्टा लहराते हुए भाग गए। बम की आवाज सुनकर गांव वालोें की नींद खुल गई। लोग हल्ला मचा रहे थे लेकिन डकैतों से मुकाबला करने की हिम्मत किसी में नहीं हुई। लोग घटनास्थल से कुछ दूर स्थित एकसड़वा पुलिस चौकी पहुंचे। वहां एक दरोगा और चार सिपाहियों की तैनाती है लेकिन घटना के समय एक ही मौजूद रहा। सूचना देने के बाद वह भी नहीं पहुंचा।
विज्ञापन

बताया जाता है कि डकैत बगल के गांव भागीरथपुर रेलवे स्टेशन से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन पकड़ने की फिराक में थे लेकिन उसका समय शुक्रवार सुबह 6:20 बजे था। डकैत ट्रेन के इंतजार में तेंदुही गांव के पास ग्राम सचिवालय में बैठ गए। ट्रेन उसी दौरान तेंदुही गांव के चौकीदार बाले की पत्नी रहीसुन निशा भोर में चार बजे टहलने निकली। सचिवालय में डकैतों को देख वह डरकर घर आई और पति को सूचना दी। उसके बाद बाले बेटे असलम के साथ बाइक से भागीरथपुर चौराहा निवासी किसान नेता नागेन्द्र शुक्ला के घर पहुंचे और डकैतों के बारे में बताया। ये लोग अन्य गांव वालों के साथ डकैतों को ललकारते हुए ग्राम सचिवालय की बढ़े। लोगों को आता देख डकैत भागने लगे। लोगों ने वहीं एक डकैत को पकड़ लिया। तीन को महदेइया के पोखरे के पास से और दो को मोगलहा गांव के सिवान से पकड़ा गया। छह डकैत भागने में सफल रहे। दो डकैतों की लोगों ने जमकर पिटाई की। एक डकैत ओमप्रकाश की हालत गंभीर होने पर बनकटी अस्पताल से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
बाद में पहुंची पुलिस ने डकैतों के पास से 315 बोर का एक कट्टा, चार कारतूस, बम बनाने का सामान और बेहोश करने वाली दवा बरामद की। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एसपी दिलीप कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार कई थानों की पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने डकैतों को पकड़ने में साहस दिखाने वाले चौकीदार बाले और उसके बेटे को इनाम देने की घोषणा की। पकड़े गए डकैत बिहार के मधुबनी जिले के जयनगर निवासी हैं। पूछताछ में डकैतों ने अपना नाम रोहित पासवान, सोनी पासवान, नन्दू पासवान, हिमालय पासवान, किशन पासवान, ओमप्रकाश पासवान बताया। सभी की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच है। इस्लाम की तहरीर पर पुलिस ने डकैती का मुकदमा दर्ज किया है।
डकैती की घटना में लापरवाही बरतने पर एसपी ने एकसड़वा के चौकी प्रभारी विजय कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ ही पांच सिपाही शैलेन्द्र यादव, शिवनाथ प्रसाद, दशरथ प्रसाद, घनश्याम यादव, महेन्द्र सिंह को निलंबित कर दिया है।
घटनास्थल पर पहुंचे वर्तमान और पूर्व सांसद
महराजगंज। शुक्रवार सुबह सांसद हर्षवर्धन, पूर्व सांसद कुंवर अखिलेश सिंह समेत कई नेता एकसड़वा पहुंचे और घटना की जानकारी ली। कोल्हुई थाने पहुंचे सांसद हर्षवर्धन ने कहा कि पकड़े गए डकैतों पर कठोर कार्रवाई करने के साथ फरार लोगों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। पूर्व सांसद कुंवर अखिलेश सिंह ने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता से यह घटना हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें