नौतनवां। सोनौली पुलिस ने भगवानपुर से गुरुवार को बाइक चोरों के अंतर्जनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पांच मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। वे बाइक सीमा पर बेचने की फिराक में थे।
सोनौली पुलिस को गुरुवार को सूचना मिली कि कुछ चोर कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर गांव स्थित कर्णामाई देवी स्थान के पास जुटे हैं। वे चोरी की बाइक सीमा पार नेपाल में बेचने की फिराक में हैं। इसी सूचना पर कोतवाल नेहरू और चौकी इंचार्ज रामपाल यादव ने पुलिस टीम के साथ पहुंचे। वहां घेराबंदी कर पांच बाइक चोरों पूर्णवासी सहानी निवासी नवलपरासी नेपाल, बजरंगी सहानी निवासी भगवानपुर सोनौली, प्रेमलाल सहानी निवासी भगवानपुर सोनौली, शिवचंदर मौर्य निवासी भगवानपुर सोनौली और राममजोर मौर्य निवासी अहिरौली परसामलिक को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पांच मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। बरामद मोटरसाइकिलों में से तीन घुघली थाना क्षेत्र और एक पंजाब का है। एक पर ट्रैक्टर का नंबर लिखा मिला।
सीओ सूक्ष्म प्रकाश ने बताया कि वाहन चोर गोरखपुर सहित आसपास के जिलों से मोटरसाइकिल चुराकर नेपाल ले जाते थे। वहां नंबर प्लेट बदलकर और फर्जी कागजात तैयार कर भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में बेचते थे। पुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है। इस गिरोह के अन्य ठिकानों का पता लगाया जा रहा है।