महराजगंज/निचलौल। नेपाल के नवलपरासी जिले के रानीनगर पश्चिमी गंडक नहर में गुरुवार दोपहर ट्रैक्टर ट्राली पलटने से चार लोगों की मौत हो गई और 23 घायल हो गए। घायलों का इलाज नेपाल में चल रहा है। चार की हालत नाजुक बनी हुई है। मरने वाले सभी भारत के ठूठीबारी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।
ठूठीबारी थाना क्षेत्र के राजाबारी के ग्राम प्रधान राजाराम पासवान के पिता मेधा पासवान का बुधवार रात निधन हो गया। वह गुरुवार सुबह ट्रैक्टर-ट्राली पर गांव और रिश्तेदारी के 23 लोगों को बैठाकर नेपाल के त्रिवेणी के लिए निकले। वहीं पिता का दाह संस्कार होना था। चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर नेपाल के नवलपरासी जिले के रानीनगर के पश्चिमी गंडक नहर पर पहुंचा, तभी ओवरटेक करती बस के चालक ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस हादसे में शमसुद्दीन (55), नारायण वर्मा (45), रामप्रीत (55) तीनों निवासी राजाबारी और चैन (38) निवासी करौता थाना नौतनवां की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में रामाश्रय गुप्ता, प्रहलाद गुप्ता, सोमन, रामलखन, रघुनंदन, आद्या, पहल, ओमप्रकाश, सोहअवां, रमेश, जगनंदन, विनोद और जोगिंदर पटेल समेत 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को नवलपरासी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार की हालत नाजुक होने पर बुटवल रेफर कर दिया गया। मृतकाें का नवलपरासी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिस समय ट्रैक्टर ट्राली गंडक नहर में गिरी, उसमें पानी नहीं था।