महराजगंज। कुपोषित बच्चों के इलाज में अब कोई परेशानी नहीं होगी। इसके लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में बने पुनर्वास पोषण केंद्र का उद्घाटन रविवार को प्रभारी डीएम डॉ. वेदपति मिश्र ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बेहतर इलाज के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने को कहा।
प्रभारी डीएम ने कहा कि जिले में कुपोषित बच्चों की संख्या अधिक है। लिहाजा चिकित्साधिकारी इस केंद्र में जल्द से जल्द सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएं। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि 10 बेड वाले इस पुनर्वास पोषण केंद्र में कुपोषित बच्चों के लिए नि:शुल्क व्यवस्था होगी। बच्चों के साथ उसकी मां भी यहां रहेगी, ताकि वह दो जाने वाली दवाइयों और पौषिक आहार की जानकारी रख सके। इसका इस्तेमाल बच्चे के डिस्चार्ज होने के बाद मां घर पर कर सकती है। डॉ. एसके सिंन ने कहा कि आंगनबाड़ी, एएनएम और आशा अपने क्षेत्र के अति कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर चिकित्साधिकारी को लिस्ट देंगी। इस आधार पर इन बच्चों को भर्ती कर उन्हें स्वस्थ किया जाएगा। गौरतलब है कि जिले में करीब 48 हजार बच्चे कुपोषित हैं। इनमें से करीब 4500 अति कुपोषित हैं। इस दौरान एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद और सीएमएस आनंद प्रकाश श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।