महराजगंज। पांच दिन पहले पनेवा-पनेई स्थित घर से गायब दो सगी बहनें सोमवार को निचलौल थाना क्षेत्र के महेशपुर उर्फ कबेलवा से उसके रिश्तेदार के घर से बरामद हुईं। लड़कियों ने बताया कि उनका अपहरण नहीं हुआ था। वे घर वालों से नाराज होकर चली गई थीं। ज्ञात हो कि इस मामले में पुलिस ने गांव के दो युवकों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।
सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के पनेवा-पनेई निवासी दो सगी नाबालिग बहनें 10 जनवरी को घर से गायब हो गई थीं। घर वालों ने कई जगह तलाश किया, लेकिन पता नहीं चला। इस पर उसकी मां हसीबुन खातून ने गांव के चिंटू व हरख के खिलाफ लड़कियों का अपहरण करने की तहरीर दी। एसएसआई साधू राम ने बताया कि दोनों बहनों को सोमवार को निचलौल थाना क्षेत्र के महेशपुर उर्फ कबेलवा से बरामद कर लिया। पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि वे घर वालों की डांट से नाराज होकर चली गई थीं।