दिव्यांग मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने में मदद करेंगे वालंटियर
बूथों तक पहुंचाने के लिए 1,170 ट्राईसिकिल और 49 व्हील चेयर की हुई व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। लोकसभा चुनाव में मतदान वाले दिन दिव्यांग मतदाताओं को बूथ पर कोई असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। उनकी मदद के लिए बूथों पर वालंटियर तैनात रहेंगे। दिव्यांगजनों को बूथों तक पहुंचाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवक, स्काउट गाइड एवं एनसीसी कैडेटों की मदद ली जाएगी।
लोकसभा चुनाव में दिव्यांग मतदाताओं की मदद के लिए जिले में बनाए गए बूथों पर 1,518 वालंटियर तैनात रहेंगे। इसके लिए व्यवस्था बना ली गई है। जिला प्रशासन की ओर से बूथों पर पूर्व में बनाए गए रैंप ठीक करा दिए गए है। साथ ही 1170 ट्राईसिकिल एवं 49 व्हील चेयर की व्यवस्था भी की जा रही है। ताकि बूथों तक पहुंचने में किसी भी दिव्यांग मतदाता को दिक्कत न हो। सर्वाधिक 2,454 दिव्यांग मतदाता सदर विधानसभा और सबसे कम 1,906 सिसवां विधानसभा क्षेत्र में हैं।
फरेंदा विधानसभा में 1,978 दिव्यांग मतदाताओं के सहयोग के लिए 258 वालंटियर तैनात रहेंगे। वहीं, नौतनवां विधानसभा के 2,327 दिव्यांग मतदाताओं के सहयोग में 318 वालंटियर तैनात रहेंगे। सिसवां विधानसभा के 1,906 दिव्यांग मतदाताओं के सहयोग के लिए 323 वालंटियर तैनात करेंगे। इसी तरह महराजगंज सदर विधानसभा के 2,454 दिव्यांग मतदाताओं के सहयोग के लिए 329 और पनियरा विधानसभा क्षेत्र के 2,139 दिव्यांग मतदाताओं के सहयोग के लिए 290 वालंटियर तैनात रहेंगे। जिले में कुल 10,804 दिव्यांग मतदाता हैं। बूथों पर इनके सहयोग के लिए एनसीसी, स्काउट गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवक वालंटियर के रूप में तैनात रहेंगे।
अपर जिलाधिकारी कुंज विहारी अग्रवाल ने बताया कि जिले में मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। गीत के माध्यम से गांवों में लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। दिव्यांग मतदाताओं के सहयोग के लिए बूथों पर वालंटियर तैनात रहेंगे। इसके लिए व्यवस्था कर ली गई है। बूथों पर कुल 1,518 वालंटियर मौजूद रहेंगे।