साइकिल से गिरकर घायल छात्र की मौत
तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था परमेश
अमर उजाला ब्यूरो
चौक बाजार। थाना क्षेत्र के बसवार गांव के बाहर अनियंत्रित होकर साइकिल से गिरे छात्र की मौत हो गई। छात्र तीन बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। छात्र के पिता सूरत में रहकर काम करते हैं। उन्हें भी परिजनों ने घटना की जानकारी दे दी है।
चौक बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बसवार निवासी नरसिंह मौर्य का पुत्र परमेश (13) बृहस्पतिवार को साइकिल से किसी काम से घर से बाहर निकला। वह गांव के बाहर पहुंचा ही था कि उसकी साइकिल अनियंत्रित हो गई। जिससे वह गिरकर अचेत हो गया। मौके पर पहुंचे परिजन आननफानन में जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने परमेश की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गांव के लोगों ने बताया कि गांव के प्राइमरी स्कूल में परमेश कक्षा 5 में पढ़ाई करता था। वह तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। उसके पिता नरसिंह सूरत में रहकर नौकरी करते हैं।