घटना 25 नवंबर को गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। जानकारी के मुताबिक, गांव के एक युवक की बरात दूसरे गांव गई थी। घर के सभी पुरुष बरात में शामिल होने गए थे। इस दौरान रिश्तेदारी में आया दूल्हे की मां के देवर का साढ़ू गिरजेश घर पर ही था। आरोप है कि बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे वह शराब के नशे में बुजुर्ग महिला के कमरे में घुस गया और उनके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट भी की।
कुछ देर बाद खाना खाने के लिए महिला के बाहर नहीं आने पर उनकी बड़ी बेटी कमरे में पहुंची। वहां उसने गिरजेश को आपत्तिजनक हालत में देखा। इसके बाद वह परिवार की चार-पांच अन्य महिलाओं को लेकर कमरे में पहुंची। महिलाओं को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर बरात में गए परिजन घर लौटे और आरोपी की तलाश शुरू की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। बृहस्पतिवार को पुलिस टीम ने पड़री उर्फ मीरगंज के टोला मुंडेरी के पास से गिरजेश को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अनूप तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
उधर, पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर बृहस्पतिवार को उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एसपी महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि महिला की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया गया है। मामले में आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।