सामूहिक कार्यक्रम में 91 जोड़ों ने रचाई शादी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। शास्त्री नगर वार्ड स्थित एक लान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कुल 91 जोड़ों ने शादी रचाई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभुदयाल, जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी रामसिंहासन प्रेम, जिला समाज कल्याण अधिकारी वीके सिंह आदि ने नव दंपती को आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के प्रति जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय व मुख्य विकास अधिकारी रामसिंहासन ने रुचि लेते हुए मातहतों को अधिक से अधिक जोड़ों की शादी कराने के कड़े निर्देश दिए थे। निर्देश के क्रम में सभी बारह ब्लॉकों व नगर पालिका परिषद महराजगंज ने कुल 144 लोगों का पंजीकरण कराया गया। पंजीकरण के सापेक्ष कुल 91 जोड़ों ने शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाद कार्यक्रम में शादी रचाई। जिन 91 लोगों ने शादी रचाई है उनमें 19 ने बौद्ध, तीन ने मुस्लिम व 69 हिंदू समुदाय से जुड़े जोड़े शामिल हैं।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वर एवं वधू पक्ष के लोगों को तैयारी के लिए अलग अलग स्थान उपलब्ध कराए गए थे। अलग-अलग क्षेत्रों से वर व वधू के साथ आई महिलाओं ने मांगलिक माहौल बनाने में अपनी खूब भागीदारी निभाई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कोई कमी न रहे, इसके प्रति सीडीओ सतर्क दिखे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में जिन 91 जोड़ों ने शादी रचाई है उन्हें एक-एक पौधे दिए गए। उन्हें पर्यावरण संरक्षण का पाठ भी पढ़ाया गया। इसी क्रम में सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बड़हरा रानी के प्रधान अजय धर दूबे के पिता अवध बिहारी दुबे ने डीएम अमरनाथ व सीडीओ रामसिंहासन प्रेम की उपस्थिति में नवविवाहित जोड़ो को पांच-पांच बर्तनों का एक-एक सेट वितरित किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जोड़े पर 35 हजार रुपये खर्च किए गए। जिसमें से 20 हजार रुपये कन्या केे खाते में जमा कराए गए। दस हजार रुपये मूल्य की सामग्री तथा पांच हजार रुपये व्यवस्था पर खर्च किए गए।