कोटेदार के खिलाफ चौक के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
फोटो:-
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपा चार सूूत्री ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। मिठौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत चौक के ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और डीएम को चार सूत्री पत्रक देकर कोटेदार की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने पत्रक में कहा है कि गांव का कोटेदार खाद्यान्न वितरण में मनमानी करने के साथ साथ उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार भी करता है। इसकी कारस्तानी से उपभोक्ता त्रस्त हो गए हैं। कोटेदार द्वारा गरीब जनता के हक पर मारा जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार द्वारा राशन कार्ड पर अंकित यूनिट के हिसाब से राशन नहीं दिया जाता है। यूनिट में कटौती करके राशन का वितरण किया जाता है। घटतौली तो यहां आम शिकायत है। केरोसिन प्रति लीटर 30 रूपये में देता है। ऊपर से नमक व डिटर्जेंट पाउडर लेना अनिवार्य करता है, जिन गरीबों के पास डिटर्जेंट व नमक के लिए धन नहीं होता है उन्हें तेल नहीं देता है। ग्रामीणों ने पत्रक में यह कहा कि पात्र गृहस्थी के अतंर्गत कंप्यूटर में गड़बड़ी करके परिवार के कई सदस्यों का नाम गायब कर दिया गया है, जिससे कई गरीब राशन पाने से वंचित हो जा रहे हैं। राशन कार्ड में नाम बढ़ाने के नाम पर सौ से डेढ़ सौ सुविधा शुल्क मांगा जा रहा है। पत्रक देने वालों में प्रमोद यादव, दुर्विजय, नंदमणि त्रिपाठी, ब्रह्मानंद यादव, घरभरन, सत्यदेव, दयानंद आदि के नाम हैं।