ठूठीबारी (महराजगंज)। मंगलवार की सुबह लक्ष्मीपुर के गांव के लोगों और पशुपालकों ने नदी के गंदे पानी में घंटों खडे़ होकर प्रदर्शन किया और समस्या समाधान न होने पर नेपाल समेत भारतीय प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि नेपाल के नवलपरासी जिले में स्थित शराब की फैक्ट्री का गंदा बदबूदार पानी झरही नदी में वर्षों से बहाया जा रहा है, जिसके बदबू से नदी के समीप बसे ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। वहीं क्षेत्र में संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई है। झरही नदी में नेपाल की फैक्ट्री का गंदा पानी बंद कराया जाए।
मुक्ति यादव ने कहा कि पड़ोसी मुल्क नेपाल के नवलपरासी से होकर बहने वाली झरही उर्फ प्यास नदी भारतीय सीमा क्षेत्र के ठूठीबारी स्थित कोतवाली के सटे पश्चिम होकर राजाबारी, भरगाही, लक्ष्मीपुर,डगरुपुर, नवडिहवां, खैरहवांजंगल,दोमुहाने, मल्लाहटोली, लोहारटोला, बकुलडीहा, सुकरहर, सिहाभार आदि दर्जनों गांव से होते हुए सोहगीबरवां वन्य जीव के मधवलियां रेंज में झरही नदी का पानी बहता है। नदी के आस पास गांव के पशुपालकों के पशु एवं जंगली जानवर अपनी प्यास बुझाते हैं। लेकिन वर्षों से इस नदी में फैक्टी का पानी बहाया जा रहा है। इस दौरान रामधनी, चन्नर, बलुरी, विश्वम्भर यादव गुड्डू, नजिन्दर यादव, राकेश, शिवरतन, अनेश, महेश, प्रमोद, सुरेश, धीरज, राजकुमार, मनीष, नितेश, गोरख ,इन्नर,सतीश,रामदरश आदि मौजूद रहे।